Breaking News

माले अपनी पूरी ऊर्जा के साथ 24 जनवरी, पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती से 30 जनवरी, महात्मा गांधी के शहादत दिवस तक जिले में जनसंकल्प अभियान चलाएगी। – कॉ. बैद्यनाथ यादव, जिला सचिव (माले)

भाकपा माले नगर कमिटी की बैठक मिर्जापुर नगर कार्यालय में आयोजित हुई।

#MNN@24X7 दरभंगा बैठक को संबोधित करते हुए माले जिला सचिव कॉ. बैद्यनाथ यादव ने कहा कि रोहित की संस्थागत हत्या के लिए केवल एक संस्था नहीं बल्कि आरएसएस और पूरी भाजपाई व्यवस्था कसूरवार है। भाजपा की सांप्रदायिक, जातिवादी राजनीति को समाप्त कर के ही हम रोहित को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा गणतंत्र दिवस के ठीक पहले अर्धनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के द्वारा भारतीय गणतंत्र को चुनौती पेश कर रही है। इसलिए यह संघर्ष 22 जनवरी बनाम 26 जनवरी का है।

माले अपनी पूरी ऊर्जा के साथ 24 जनवरी, पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती से महात्मा गांधी के शहादत दिवस तक जिले में जनसंकल्प अभियान चलाएगी। धर्म के रानीतिक उपयोग के सवाल पर तथा जनता के वास्तविक मुद्दों पर जनता से ठोस संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर कमिटी के सचिव कॉ. विनोद ने कहा कि भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है। भाजपा भगवान राम का राजनीतिक उपयोग कर रही है।

मौके पर जसम राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रो. सुरेंद्र सुमन ने कहा कि पूरे देश पर अंधेरा छाया हुआ है। हम बहुत नाज़ुक दौर से गुजर रहे हैं। मनुस्मृति को देश का संविधान बनाने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। आज भी रोहित मारे जा रहे हैं। रोहित की हिफाजत के लिए संविधान बचाना होगा, लोकतंत्र बचाना होगा।

बैठक में लोकल कमिटी के सदस्य रंजन सिंह, धनराज साह, कामेश्वर पासवान, साधना शर्मा, दुर्गा दास, सोनू कुमार यादव, रूपक, संजय कुमार, रानी सिंह, प्रिंस राज, राजू कर्ण, ओणम आदि उपस्थित थे।