#MNN@24X7 मोतिहारी, पूर्वी चंपारण जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. जिले के छतौनी थाना क्षेत्र स्थित बालिका गृह से मौका पाकर नौ लड़कियां फरार हो गईं. घटना की जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. इस पूरे मामले की जानकारी तुरंत ही पुलिस को दी गई. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बच्चियों को बरामद कर लिया.

एक साथ इतनी बच्चियों के फरार होने पर बालिक गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. लड़कियों के फरार होने की सूचना मिलने के बाद एसपी कान्तेश कुमार मिश्रा ने छतौनी थाना को आवश्यक निर्देश देते हुए लड़कियों को बरामद करने का टास्क दिया. जिसके बाद छतौनी थानाध्यक्ष ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लड़कियों को बरामद कर लिया, वहीं पुलिस अन्य सात लड़कियों को ढूंढ़ने की कोशिश कर रही है.

इस पूरे मामले को लेकर छतौनी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि ‘घटना की जानकारी मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लड़कियों की तलाश शुरु की गई. एएसपी सदर के नेतृत्व में हमलोगों ने कार्रवाई करते हुए दो लड़कियों को बरामद कर लिया है, अन्य लड़कियों की तलाश की जा रही है. जल्द ही बालिका गृह से भागी अन्य लड़कियों को भी बरामद कर लिया जाएगा.’