कहा- नशाखोरी से नई पीढ़ी को बचाने की जरूरत

#MNN@24X7 दरभंगा, संस्कृत विश्वविद्यालय में कर्मचारी संघ कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद अपने सम्बोधन में कुलसचिव प्रो0 ब्रजेशपति त्रिपाठी ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के साथ मुल्क की सीमा पर डटे सभी जवानों को नमन करते हुए कहा कि विश्व पटल पर जो परिदृश्य उभर कर सामने आ रहा है वह डराने वाला है। इसलिए स्वतंत्रता काबिज रहे, इसके लिए हमसभी को हरसंभव प्रयास करते रहना है।

उन्होंने दुख व आश्चर्य व्यक्त किया कि आज नई पीढ़ी बुरी तरह से नशे की चपेट में है। यही देश का मुख्य कार्यबल है। इसे सही दिशा देना हमसभी का भी कर्तव्य है। इसी क्रम में कुलसचिव प्रो0 त्रिपाठी ने कहा कि आज समतामूलक समाज की सख्त जरुरत है। बगल के बंगलादेश के हालात की चर्चा करए हुए उन्होंने सभी से राष्ट्रीय एकता बनाये रखने की अपील की।

कहा अशान्त समाज मे विकास की गाड़ी नहीं चल पाती है, इसे हरदम ध्यान में रखने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने सभी से अपने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में भी संवेदनशील रहने की अपील की। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकान्त ने बताया कि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार झा ने कहा कि सभी कर्मचारियों को भी अपने कार्यों के प्रति सजग रहने की जरूरत है। तत्परता से उत्तदायित्वों का निर्वहन करना है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कर्मी मेहनती व गम्भीर हैं। इसके पूर्व संघ की ओर से कुलसचिव प्रो0 त्रिपाठी का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। मौके पर सभी कर्मचारी मौजूद थे।