Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 26 फरवरी, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के इग्नू क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा में प्रशासनिक नेतृत्व परिवर्तन के तहत इग्नू क्षेत्रीय केंद्र भागलपुर की क्षेत्रीय निदेशक रहीं डॉ. शालिनी ने बुधवार को क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।

पदभार ग्रहण के अवसर पर क्षेत्रीय केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संतन कुमार राम, सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आकाश अवस्थी सहित समस्त कर्मचारियों ने डॉ. शालिनी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

डॉ. शालिनी ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्रीय केंद्र दरभंगा में विद्यार्थियों को और अधिक बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण सहायता सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि छात्र हित सर्वोपरि है और इसी दृष्टि से प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों में निरंतर सुधार किया जाएगा।

उन्होंने इग्नू अध्ययन केंद्रों पर संचालित विभिन्न अकादमिक गतिविधियों की जानकारी ली और भविष्य में शिक्षार्थियों की सुविधा के लिए नई पहल शुरू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं को सशक्त बनाकर दूर-दराज के विद्यार्थियों तक शिक्षा को और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने नई क्षेत्रीय निदेशक के नेतृत्व में केंद्र की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को और मजबूत बनाने का भरोसा जताया।