PK का NDA सरकार पर हमला, बोले – नीतीश कुमार के राज में हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट, 5 साल तक जनता को लूटते रहे और अब 5-10 हजार देकर वोट मांग रहे हैं।
बिरौल के मुसलमानों से PK की अपील, कहा – इस बार लालू-नीतीश के लिए नहीं, अपने बच्चों के लिए वोट दीजिए, लालटेन में किरासन बन जलते रहेंगे तो रोशनी लालूजी के घर में होती रहेगी।
#MNN24X7 दरभंगा, जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने आज गौरा बौराम विधानसभा अंतर्गत बिरौल के खौरागाछी स्टेडियम में ‘बिहार बदलाव सभा’ को संबोधित किया। वे बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में अपनी बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में यहां पहुंचे हैं। जनसभा में उमड़ी भीड़ के बीच प्रशांत किशोर ने जन सुराज के स्थानीय प्रत्याशी डॉ इफ्तेखार आलम के लिए वोट देने की अपील की।
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में पीएम मोदी, सीएम नीतीश और राजद प्रमुख लालू यादव पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि आपने अपने यहां से भाजपा के सांसद-विधायक को 20-25 साल तक जिताया। लेकिन फिर भी स्थिति नहीं सुधरी है। हमारे बच्चे अभी बहुत मुश्किल से छठ पर्व में वापस घर आए हैं। अगर आपने उनके लिए वोट नहीं दिया तो वे फिर से पीठ पर बोरा रखकर वापस जाने के लिए मजबूर होंगे और अगले पांच साल तक यह स्थिति नहीं सुधरेगी।
उन्होंने कहा कि मोदीजी को बिहार से बहुत समर्थन मिला। बिरौल और दरभंगा से भी आपने उन्हें वोट दिया। लेकिन मोदीजी ने फैक्ट्री गुजरात में लगवाई। इधर लालू-नीतीश ने मिलकर अपने 35 वर्षों के शासन में बिहार को मजदूरों की फैक्ट्री बना दिया है। नीतीश की सरकार 5 साल से जनता को लूट रही थी और अब महिलाओं को 10-10 हजार रूपये दे रही है। आज आपके पास मौका है और विकल्प है। आज अगर आपने समझदारी नहीं दिखाई तो अगले पांच साल फिर यह लोग आपको लूटते रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि बिरौल में दूसरी पार्टियों के लोग आकर मुस्लिम भाइयों को डराते हैं। उनसे कहते हैं कि हमें वोट दो, हम भाजपा को हरायेंगे। लेकिन हम कहते हैं कि आप अल्लाह के बताए रास्ते पर चलिए। आपका भला ख़ुद हो जाएगा। अपने बच्चों के लिए वोट दीजिए तो उनके भविष्य में उजाला होगा। लालटेन में जलते रहेंगे तो रोशनी लालूजी के घर में होती रहेगी।
प्रशांत किशोर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार नाली-गली के लिए नहीं, हिंदू-मुसलमान के लिए, अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा और रोजगार के लिए वोट दीजिए।
