#MNN24X7 दरभंगा, कावेरी मंडपम में जिला दुर्गा पूजा समन्वय समिति, दरभंगा द्वारा दुर्गा पूजा, रामनवमी एवं गणेश पूजा पुरस्कार वितरण सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि युवराज कपिलेश्वर सिंह रहे।

समारोह की शुरुआत समिति के अध्यक्ष मनीष जायसवाल द्वारा मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप मुख्य अतिथि का पाग, चादर एवं शौर्य के प्रतीक तलवार भेंट कर अभिनंदन से हुई। साथ ही राज परिवार के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व विभागाध्यक्ष (अंग्रेजी) डॉ. हेमपति झा को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में युवराज कपिलेश्वर सिंह ने कहा कि “संगठित हिन्दू, समर्थ भारत केवल नारा नहीं, बल्कि हम सभी का जीवन लक्ष्य होना चाहिए। शक्ति उपासना का पर्व दुर्गा पूजा और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी हमारी सनातन संस्कृति के आधार स्तंभ हैं।” उन्होंने पुरस्कृत समितियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनकी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। साथ ही भविष्य में भी समाज को संगठित करने की दिशा में कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में दुर्गा पूजा, रामनवमी एवं गणेश पूजा के दौरान उत्कृष्ट व्यवस्था एवं आकर्षक झांकी प्रस्तुत करने वाली समितियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. हेमपति झा, राज दरभंगा प्रबंधक आशुतोष दत्ता, अमर कांत झा, संगीत कुमार मलिक, सत्यम सिंह, साईं निरुपम, बबलू कुमार, अशोक कुमार मंडल, मधीर झा, मुकेश यादव प्रभाकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।