#MNN24X7 दरभंगा, राजू सिंह की रिपोर्ट।दरभंगा नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपना बजट सदन में पेश कर दिया है। प्रस्तावित बजट के अनुसार निगम इस बार आय से अधिक व्यय की योजना बना रहा है, जिसके कारण इसे घाटे का बजट माना जा रहा है। बजट को लेकर पार्षदों और शहरवासियों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रस्तावित आंकड़ों के मुताबिक नगर निगम के पास प्रारंभिक शेष राशि 1,30,50,17,301 रुपए है। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए अनुमानित आय 10,90,96,46,000 रुपए निर्धारित की गई है, जबकि विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक मदों पर कुल खर्च 12,15,77,10,000 रुपए प्रस्तावित है। इस प्रकार आय और व्यय के बीच लगभग 1.24 अरब रुपए का अंतर सामने आया है।
विकास कार्यों पर रहेगा विशेष फोकसनगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस बजट में शहर के समग्र विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत स्मार्ट वार्ड योजना, शहरी गरीबों के लिए मूलभूत सुविधाएं, जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है।
विशेषज्ञों ने जताई चिंतावित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि यदि नगर निगम अपने आय के स्रोतों को मजबूत नहीं करता है, तो भविष्य में वित्तीय दबाव बढ़ सकता है। हालांकि निगम प्रशासन का दावा है कि उपलब्ध संसाधनों और संभावित आय के आधार पर विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
सदन में होगी विस्तृत चर्चानगर निगम की बैठक में बजट पेश होने के बाद अब इस पर विस्तृत चर्चा होगी। विभिन्न मदों को लेकर पार्षदों द्वारा सवाल उठाए जाने और सदन में जोरदार बहस की संभावना है।
शोक के कारण टला था बजट गौरतलब है कि यह बजट मंगलवार को पेश किया जाना था, लेकिन एक पूर्व पार्षद के आकस्मिक निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। उपमहापौर नाजिया हसन ने बताया कि दिवंगत को श्रद्धांजलि देते हुए निगम परिसर में दो मिनट का मौन रखा गया, जिसके बाद बजट प्रस्तुति को आगे बढ़ाया गया।
