#MNN24X7 दरभंगा। शहर के रामबाग सिपाही लाइन गेट के समीप हाल ही में चेन छिनतई की घटना के दौरान अपराधियों को पकड़ने का प्रयास करते समय गोली लगने से जान गंवाने वाले श्रवण के परिजनों से मिलने पूर्णिया सांसद Rajesh Ranjan (Pappu Yadav) मंगलवार को दरभंगा पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें सांत्वना दी।
सांसद ने मृतक श्रवण की पत्नी एवं परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान सांसद ने जिला पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
सांसद ने यह भी सुझाव दिया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उनके पुत्रों को सरकारी नौकरी देने पर भी विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
