मजदूर-किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ दरभंगा में विशाल धरना।
#MNN24X7 दरभंगा | 16 जनवरी 2026 | विशेष संवाददातासंयुक्त किसान मोर्चा के देशव्यापी प्रतिरोध दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा से संबद्ध दरभंगा जिला किसान काउंसिल के नेतृत्व में गुरुवार को जिला समाहरणालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने VB-GRAMG अधिनियम 2025, बीज विधेयक 2025, विद्युत विधेयक 2025, चार श्रम संहिताओं तथा बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के गरीबों पर बुलडोजर चलाने की नीति का कड़ा विरोध किया। आंदोलन से संबंधित मांग-पत्र जिला समाहर्ता को सौंपा गया।
VB-GRAMG अधिनियम से मनरेगा पर हमला : श्याम भारती
धरना स्थल पर आयोजित सभा की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष महेश दुबे ने की। सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य किसान काउंसिल के संयुक्त सचिव श्याम भारती ने कहा कि VB-GRAMG अधिनियम 2025 के माध्यम से मनरेगा मजदूरों के काम के अधिकार का हनन किया जा रहा है। इसी के खिलाफ पूरे देश में आज प्रतिरोध दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार VB-GRAMG अधिनियम, बीज विधेयक, विद्युत विधेयक और चार श्रम संहिताएं लाकर किसान-मजदूरों पर सीधा हमला कर रही है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना गांधीजी की विरासत मिटाने की साजिश है। साथ ही अमेरिका के साथ एफडीए से जुड़े समझौतों के जरिए कृषि और डेयरी क्षेत्र को कॉरपोरेट के लिए खोलने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे किसानों को भारी नुकसान होगा। उन्होंने किसान, खेत-मजदूर, ग्रामीण मजदूर संगठनों और आम नागरिकों से इन नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने की अपील की।
गरीबों पर बुलडोजर, वैकल्पिक व्यवस्था नहीं : रामसागर पासवान
जिला सचिव रामसागर पासवान ने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के वर्षों से बसे गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। न तो गरीबों को पर्चा दिया जा रहा है और न ही भूमिहीनों को ज़मीन। उन्होंने आवास योजना के सर्वेक्षण के नाम पर हो रही कमीशनखोरी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
खाद संकट, कर्जमाफी और मुफ्त बिजली की मांग
किसान काउंसिल अध्यक्ष महेश दुबे ने कहा कि किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रहा, जबकि दूसरी ओर कालाबाजारी खुलेआम जारी है। उन्होंने किसानों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली, सभी प्रकार के कर्ज माफ करने तथा कृषि इनपुट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
आंदोलन का अगला चरण तय
सभा में प्रस्ताव पारित कर
20 जनवरी को गुदरी स्थित किसान भवन प्रांगण में किसान काउंसिल की बैठक
26 जनवरी को लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जन-मार्च
आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
कई संगठनों ने जताई एकजुटता
सभा को सीटू जिला संयोजक दिनेश झा, युवा नेता हीरा मंडल, मनोज यादव समेत किसान काउंसिल के जिला उपाध्यक्ष रामानुज यादव, अरविंद लालदेव, सुशील सिंह, मुकेश कुमार, उमेश राय, बैजनाथ पासवान, अशोक मिश्रा, शैलेंद्र शाह, मोहम्मद इसराइल, सुनील शर्मा, दुर्गा देवी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया और किसान-मजदूर एकजुटता पर बल दिया।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, खेत-मजदूर और ग्रामीण मजदूर शामिल हुए और सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
