#MNN24X7 दरभंगा, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर सनातन हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में दरभंगा नगर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य बाइक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में हजारों की संख्या में राम भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे शहर को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।

यह शोभायात्रा प्रातः मनोकामना मंदिर से शुरू होकर दरभंगा एवं लहेरियासराय के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लिए “भारत माता की जय” एवं “जय श्री राम” के जयघोष करते नजर आए, जिससे पूरा शहर गूंज उठा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर संयोजक शंकर कुमार एवं नगर गौ रक्षा प्रमुख अविनाश मेहता ने की, जबकि संयुक्त नेतृत्व नगर सहसंयोजक शेखर सहनी एवं जिला सहसंयोजक गौतम सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर, जिला सुरक्षा प्रमुख पंकज वाड़ी, मठ मंदिर प्रमुख राधेश्याम दास, विनय गोस्वामी, नगर मिलन केंद्र प्रमुख विशाल कुमार, नीलू सोनी, सुभाष यादव, विनीत वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री राजीव प्रकाश मधुकर ने कहा कि हिंदू नव वर्ष हमारी सनातन संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में एकता, जागरूकता और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करते हैं।

उल्लेखनीय है कि हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होता है। वर्ष 2026 में यह 19 मार्च से शुरू होकर विक्रम संवत 2083 के रूप में मनाया जा रहा है। यह दिन चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में गुड़ी पड़वा और उगादी के रूप में भी मनाया जाता है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार इस संवत्सर ‘रौद्र’ के राजा देवगुरु बृहस्पति माने गए हैं।

हिंदू नव वर्ष के प्रथम दिन से ही दरभंगा जिले में “गौ सम्मान अभियान” के अंतर्गत विशाल हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई, जिसमें लाखों लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान का संचालन विश्व हिंदू परिषद के गौ रक्षा दल द्वारा किया जा रहा है।

साध्वी आचार्या भक्ति श्री जी ने इस अवसर पर कहा कि गाय के प्रति श्रद्धा, संरक्षण और सेवा की भावना ही सच्चा सम्मान है। सनातन धर्म में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है, जो मानव जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी और पूजनीय मानी जाती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने भाग लिया और एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान आदित्य नारायण, मानना चंदेश्वर ठाकुर, जितेंद्र गुप्ता, पप्पू सोनी, अभिषेक सुमन, कौशलेंद्र दास जी महाराज, श्रीमती वसुंधरा देवी, अनुराग बरन, बलराम किशोर, राहुल कुमार, संतोष भगत, विजय देव, लाल यादव, प्रेम कुमार शर्मा, अरविंद श्रीवास्तव, विजय गुप्ता, आदित्य राज, रणजीत पंडित, रवि गुप्ता, कार्तिकेय कुमार, राजेश उर्फ विक्की सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।