—एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर नगर विधायक के कार्यालय पर हुई बैठक।

#MNN@24X7 दरभंगा, कर्पूरी चौक स्थित डीएमसीएच के मैदान में 9 फरवरी को एनडीए की विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता, विस में सत्तारूढ़ दल के सचेतक सह नगर विधायक संजय सरावगी के शास्त्री चौक स्थित आवासीय कार्यालय पर दरभंगा सदर विधानसभा के वर्तमान एवं पूर्व मंडल अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी ‘मन्ना’ ने की।

मुख्य वक्ता के रूप में विधायक श्री सरावगी ने कहा कि आगामी 9 फरवरी के कार्यकर्ता सम्मेलन में एनडीए के सभी दलों के कार्यकर्ता एकजुट होंगे और संगठन की मजबूती पर चर्चा होगी। एनडीए को 2025 के विधानसभा चुनाव में और मजबूत बनाना है। चुनावी रणनीति को लेकर बूथ स्तर तक समन्वय स्थापित करने की योजना पर काम किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि इस विशाल सम्मेलन में भाजपा, जदयू, हम, लोजपा (रा) एवं रालोमो के हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी सहित एनडीए के शीर्ष नेता कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

बैठक में कार्यक्रम की तैयारी को लेकर मंडल अध्यक्षों को अलग-अलग दायित्व सौंपा गया। श्री सरावगी ने कहा कि कार्यक्रम सफलता के लिए बूथ स्तर से कार्यकर्ताओं को जुटाने का कार्य करें। जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी ने कहा कि 2025 विधानसभा चुनाव में भी पुनः एनडीए की सरकार बनेगी। इसी संकल्प के साथ एनडीए के पांचों घटक दलों के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने के लिए एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में एनडीए कार्यकर्ता अवश्य आएं।

बैठक में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सह विधानसभा प्रभारी लक्ष्मण कांस्यकार, मंडल अध्यक्ष रतन पासवान, रमेश झा, पिंटू भंडारी,श्रवण कुमार महतो, संगीत कुमार साह, पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष पोद्दार, मनोज झा आदि उपस्थित थे।