#MNN@24X7 नई दिल्ली, केंद्र शासित राज्य दिल्ली में विधानसभा चुनाव के परिणाम आज शनिवार को सामने आएंगे।दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए एक साथ एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान हुआ थी।बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।मतगणना के साथ ही ये बात साफ हो जाएगी कि दिल्ली की जनता ने किस पार्टी को सत्ता सौंपी है।चुनाव परिणाम से पहले आप और भाजपा के बीच फिर से सियासी भिड़ंत हो गई है।आप ने भाजपा पर उसके उम्मीदवारों को लालच देने का आरोप लगाया है।
कितने बजे शुरू होगी मतगणना।
जानकारी के मुताबिक मतगणना शनिवार सुबह आठ बजे शुरू होगी।शुरुआती रुझान शुरुआती घंटों से ही आने शुरू हो जाएंगे। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए 60.54 फीसदी वोट पड़े हैं। इस आंकड़े में कुछ बदलाव भी हो सकता है।मतगणना के लिए कुल 5,000 कर्मियों को तैनात किया जाएगा। 19 मतगणना केंद्रों के लिए अर्धसैनिक बलों की दो कंपनियों और दिल्ली पुलिसकर्मियों सहित तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना केंद्रों के अंदर केवल अधिकृत कर्मियों को ही जाने की अनुमति होगी, जहां मोबाइल फोन का उपयोग सख्त वर्जित होगा।
नतीजों से पहले आप और भाजपा में भिड़ंत।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने से पहले आप और भाजपा आमने-सामने आ गई है।अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह समेत आप के कई नेताओं ने आरोप लगाया है कि भाजपा उसके उम्मीदवारों को पैसों का लालच देकर अपने पाले में करने की कोशिश कर रही है।दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने इस आरोप को लेकर एसीबी को जांच करने के लिए कहा है।हालांकि जब एसीबी की टीम केजरीवाल से पूछताछ करने पहुंची तो घर के अंदर एंट्री नहीं मिली। इसके बाद एसीबी ने केजरीवाल को नोटिस भेजकर कई सवाल पूछे हैं। वहीं भाजपा का आरोप है कि आप हार के डर से बहाने बना रही है।
क्या कह रहे राजनीतिक दल।
चुनाव के बाद सामने आए एग्जिट पोल में दिल्ली में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को करीब 50 सीटें मिलेंगी। वहीं आम आप ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए कहा है कि वह दिल्ली में फिर से सरकार बनाएगी और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे।
सौजन्य से स्वराज सवेरा