चंडीगढ़, संवाददाता। पंजाब विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर सिंधु मैराथन 4.0’ के भव्य समापन समारोह में युवाओं के उत्साह और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर समाज सेवा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के वरीय स्वयंसेवक अक्षय कुमार झा को ‘यूथ आइकन’ अलंकरण से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने अक्षय को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने अक्षय की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
अक्षय कुमार झा को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों और निस्वार्थ सेवा भाव के कारण इस प्रतिष्ठित आयोजन का ‘ऑफिशियल यूथ आइकन एंबेसडर’ भी नियुक्त किया गया था। कार्यक्रम में उपस्थित पंजाब विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. रेनु विग ने उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक सशक्त उदाहरण है।
इस अवसर पर ‘रन फॉर सिंधु’ के संस्थापक सुनील पाल, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अमनदीप सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
अक्षय को मिला यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प रखते हैं।
