Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा /समस्तीपुर, 29 मई। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा, समस्तीपुर तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 30 मई से 3 जून 2026 तक उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में अगले 48 घंटों तक वर्षा की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम के सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले 48 घंटों के दौरान जिन क्षेत्रों में वर्षा होगी, वहां हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके बाद हवा की रफ्तार में कमी आने की संभावना है। अधिकांश क्षेत्रों में पूर्वा हवा 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है।

सापेक्ष आर्द्रता सुबह के समय 85 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 35 से 40 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती-बाड़ी से संबंधित कार्य करने की सलाह दी है। विशेषकर वर्षा की संभावना को देखते हुए खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा फसलों की निगरानी करने की अपील की गई है।