Breaking News

#MNN24X7 सरायरंजन। बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में तृणमूल कांग्रेस सांसद Abhishek Banerjee पर हुए कथित हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र पर सीधा प्रहार बताते हुए सभी विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

शनिवार को सरायरंजन में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे शाहीन ने प्रेस से बातचीत के दौरान कहा कि एक प्रमुख विपक्षी नेता को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराना भाजपा की प्रतिशोध और उत्पीड़न की राजनीति का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद किसी भी नेता पर हिंसक हमला लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है और इसे किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।

शाहीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार और केंद्र सरकार को विपक्षी नेताओं की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति नफरत और हिंसा को बढ़ावा देने वाली है तथा विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व मुख्य सचेतक ने कहा कि जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास करती है और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इतिहास नफरत और वैमनस्य की राजनीति को कभी माफ नहीं करेगा। शाहीन ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की।