#MNN24X7 समस्तीपुर, बुधवार:
समस्तीपुर प्रखंड के जितवारपुर फरपुरा स्थित डॉ. एस.ए. आलम के आवास पर बुधवार को भव्य “दावत-ए-इफ्तार” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्तीपुर विकास मंच के संरक्षक सह सदर अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. एस.ए. आलम की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों रोजेदारों ने शिरकत की।

इफ्तार कार्यक्रम में दर्जनों पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक तथा प्रबुद्ध लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक साथ रोजा खोलकर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने अपने संबोधन में कहा कि रमजान रहमत और बरकत का महीना है। यह पवित्र महीना हमें इंसानियत, सच्चाई और संयम का पाठ पढ़ाता है। उन्होंने कहा कि रमजान के इस पाक महीने में हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम बुराइयों का त्याग कर अच्छाइयों को अपने जीवन में अपनाएं।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा सभी वर्गों के लोगों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और रोजेदारों के बीच इफ्तार कराया गया और देश-दुनिया में अमन-चैन व खुशहाली के लिए दुआ मांगी गई।