Breaking News


दरभंगा। जाको राखे साईयां मार सके ना कोय, बाल ना बांका कर सकै जो जग बैरी होय। जी हां ऐसी ही एक घटना घटी दरभंगा जिला के जाले नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर -11 के नुनिया टोल के स्थायी निवासी कपिलेश्वर महतो की पत्नी किरण देवी के साथ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को भैंस बांधने के क्रम में किरण देवी को सांप ने डंस लिया। जिसके कारण किरण देवी की स्थिति काफी नाजुक हो गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों और उनके परिवार के सदस्यों के सहयोग से जल्द ही उन्हें जाले रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां उपस्थित डॉक्टरों के सहयोग से सुई देते उपचार प्रारंभ कर दिया गया । सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि अब महिला का स्थिति सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।

मौके पर सामाजिक कार्यकर्त्ता धीरेन्द्र कपूर, अभय कुमार झा, आशीष कुमार, रामसागर चौधरी, रमेश कुमार गुप्ता आदि ने बताया है कि इसी तरह लोगों को झाड़-फूंक और अंधविश्वास से पूरी तरह दूर रहने की जरूरत है।क्योंकि अगर इस तरह की भयावह स्थिति में ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों द्वारा महिला को समय पर अस्पताल नहीं लाया जाता तब जान बचाना ही मुश्किल हो सकता था।