Breaking News


लखनऊ।फिल्म जगत से एक दुख भरी खबर है।हिन्दी फ़िल्मों और टेलीविजन जगत के दिग्गज अभिनेता मिथिलेश चतुर्वेदी का निधन हो गया है। 68 वर्षीय मिथिलेश काफी लंबे समय से दिल की बीमारी से पीड़ित थे।कुछ दिनों पहले मिथिलेश को हार्ट अटैक आया था।इसके बाद देखभाल के लिए वह होमटाउन शिफ्ट हो गए थे।तबीयत खराब होने की वजह से उनका लखनऊ में इलाज करवाया जा रहा था। 3 अगस्त की शाम को अभिनेता ने अपनी अंतिम सांस ली।मिथिलेश के निधन की खबर आने के बाद से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

दामाद ने शेयर की भावुक पोस्ट

मिथिलेश चतुर्वेदी के निधन की पुष्टि उनके दामाद आशीष चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर की है।आशीष ने फेसबुक पर मिथिलेश की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि आप दुनिया के सबसे अच्छे पिता थे,आपने मुझे दामाद नहीं बल्कि एक बेटे के तरह अपना प्रेम दिया, भगवान आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

कौन थे मिथिलेश चतुर्वेदी

आपको बता दें कि मिथिलेश चतुर्वेदी ने अपने सफर के दौरान सलमान खान, शाहरुख खान और ऋतिक रोशन के साथ कई बड़ी और सुपरहिट फिल्मों में काम किया। मिथलेश चतुर्वेदी सनी देओल की फिल्म गदर एक प्रेम कथा,मनोज बाजपेयी की सत्या, शाहरुख खान की अशोका,ताल, अभिषेक बच्चन की बंटी और बबली, ऋतिक रोशन की कृष और सलमान खान की फिल्म रेडी में देखा गया था।मिथलेश चतुर्वेदी को सबसे ज्यादा पहचान ऋतिक रोशन की फिल्म कोई मिल गया से मिली।इस फिल्म में मिथलेश चतुर्वेदी ने ऋतिक रोशन के कंप्यूटर टीचर का किरदार निभाया था।

स्कैम 1992 से किया था डिजिटल डेब्यू

मिथिलेश चतुर्वेदी ने बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत 1997 में रिलीज हुई फिल्म भाई भाई से की थी। इसके बाद सत्ता, ताल, फिजा, रोड, कोई मिल गया, गांधी माय फादर और बंटी बबली जैसी फिल्मों में काम किया।अगर डिजिटल डेब्यू की बात करें तो मिथिलेश ने 2020 में आई फेमस वेब सीरीज स्कैम 1992 से ओटीटी की दुनिया में कदम रखा था। इन सबके अलावा मिथलेश थिएटर में भी काफी सक्रिय थे।

(सौ स्वराज सवेरा)