Breaking News


लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए।राजधानी लखनऊ, सीतापुर,बरेली, लखीमपुर खीरी और क‌ई जिलों में झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) ने भी इस बारे में जानकारी दी है। बताया गया है कि भूकंप शुक्रवार देर रात 1.12 बजे आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.2 मापी गई। जानकारी के अनुसार भूकंप की गहराई जमीन से 82 किमी नीचे थी।

भूकंप विज्ञान के राष्ट्रीय केंद्र ने ट्वीट करते हुए जानकारी दी जिसमें बताया कि 5.2 तीव्रता का भूकंप 20-08-2022, 01:12:47 बजे, लैटिट्यूड 28.07 और लॉन्गिट्यूड 81.25, गहराई: 82 किमी, स्थान: लखनऊ, उत्तर प्रदेश के 139 किमी एनएनई पर आया। जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में शुक्रवार देर रात को मध्यम तीव्रता का भूकंप आया था।

उत्तर प्रदेश और दिल्ली के अन्य जिलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।भूकंप का केंद्र नेपाल के सनोश्री तारताल में बताया जा रहा है।भूकंप का असर चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किया गया। अब तक भूकंप के कारण किसी के हताहत होने या नुकसान या क्षति की कोई खबर नहीं है।

लोगों की खुली नींद, घरों से बाहर निकले।

रात करीब सवा एक बजे अचानक एक तेज भूकंप का झटका महसूस हुआ।भूकंप के झटकों से सो रहे लोगों की नींद खुल गई और अपने-अपने घरों से बाहर आ गए।वहीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मना रहे लोग घबराकर पंडालों से बाहर आ गए। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि घरों में रखे कूलर,फ्रिज,पंखे समेत कई सामान देर तक हिलते रहे।

विशेषज्ञ बोले इस तीव्रता पर नहीं होगा नुकसान।

जियोलाजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के पूर्व एडिशनल डायरेक्टर जनरल औऱ भूकंप विशेषज्ञ प्रभास पांडेय ने जानकारी दी की इस तीव्रता पर अधिक नुकसान होने की आशंका नहीं है। भूकंप के केंद्र बिंदु पर बने घरों की दीवारों में दरारे आ सकती हैं। इसी के साथ कुछ दूरी पर उसके झटके भी महसूस किए जा सकते हैं।हालांकि इस तीव्रता से कई भी हताहत नहीं होगा। लखनऊ,सीतापुर,लखीमपुर खीरी,बहराइच, बलरामपुर, बाराबंकी, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर,बरेली समेत नेपाल से सटे कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटकों के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और फोन के जरिए एक दूसरे के कुशलक्षेम की पुष्टि करने लगे। हालांकि देर रात आए इन झटकों का कई लोगों को पता भी नहीं चला।

उत्तराखंड में भी झटके।

आपको बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ इलाके में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर उत्तराखंड में आए भूकंप के झटकों की तीव्रता 3.6 मापी गई थी। एनसीएस के अनुसार जम्मू कश्मीर के हेनले गांव के दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में रिक्टर पैमान पर 3.1 तीव्रता का भूकंप आया था।