Breaking News


#MNN@24X7 दरभंगा। संस्कृत विश्वविद्यालय के नवनियुक्त वित्त पदाधिकारी (एफओ) डॉ जयकिशोर चौधरी ने आज मुख्यालय में अपना कार्यभार सम्भाल लिया है। इसके पूर्व उन्होंने कुलपति डॉ शशिनाथ झा, प्रतिकुलपति डॉ सिद्धार्थ शंकर सिंह एवं कुलसचिव डॉ सत्येंद्र नारायण सिंह से औपचारिक भेंट की और विश्वविद्यालय हित मे कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।साथ ही कुछ लेखा सम्बन्धी जानकारी भी हासिल की।

इस मौके पर एफओ का फूलमाला से स्वागत किया गया। मालूम हो कि राजभवन सचिवालय के संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार गुप्ता ने 17 अक्टूबर,22 को अगले आदेश तक के लिए डॉ चौधरी को संस्कृत विश्वविद्यालय का वित्त पदाधिकारी बनाने की अधिसूचना जारी की थी।

उक्त जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के पीआरओ निशिकांत ने बताया कि नए एफओ संथाल परगना प्रमंडल, देवघर से अंकेक्षण पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और वित्तीय कार्यों का उन्हें लंबा अनुभव है जिसका फायदा विश्वविद्यालय को अवश्य मिलेगा। वैसे जानकारी दी गयी कि वे स्थानीय खराजपुर, बहादुरपुर के ही मूल निवासी हैं।

वहीं, नवनियुक्त एफओ डॉ चौधरी ने बताया कि उनकी प्राथमिक शिक्षा यहीं से हुई है। उनकी चाहत होगी कि उनके कार्यकाल में संस्कृत विश्वविद्यालय खासकर वित्तीय मामलों में अवश्य बेहतर स्थिति में रहे।उन्होंने सभी कर्मियों को साथ लेकर चलने की भी वकालत की।