-जिलाधिकारी के नेतृत्व में होगा एक विशेष कमिटी का गठन।
-विधानसभा में नगर विधायक सवाल पर सरकार का आया सकारात्मक जवाब।

#MNN@24X7 दरभंगा, नगर निगम क्षेत्र के दोनार से टिन्ही पुल के अंतिम बिंदु तक जल्द ही नाला का निर्माण होगा। गुरूवार को विधानसभा में नगर विधायक सह वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सरावगी के सवाल पर सरकार की ओर से सकारात्मक जवाब आया है। अंतिम छोर तक नाला निर्माण नहीं होने के कारण जलजमाव सहित कई प्रकार की परेशानियों को नगर विधायक ने विधानसभा में उठाकर स्थानीय लोगों में सुविधा की आस जगा दी है। नगर विधायक के लगातार प्रयास के बाद पिछले वर्ष 24 करोड़ की लागत से दोनार से टिन्ही पुल तक नाला का निर्माण संपन्न हुआ। लेकिन नाला के पूर्ण रूप से निर्माण नहीं होने के कारण जलजमाव की संभावना अब भी बनी हुई है।

मामले को विधानसभा में उठाते हुए नगर विधायक संजय सरावगी ने सरकार के समक्ष चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अंतिम बिंदू तक नाला निर्माण नहीं होने के कारण शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से जूझना पड़ता है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही कल्वर्ट बनाने के लिए राशि दी गयी थी, लेकिन पदाधिकारियों की इच्छाशक्ति नहीं होने के कारण वहां ना तो कल्वर्ट बन रहा है, ना ही कच्चा नाला बनाकर अंतिम बिंदू तक पानी पहुचाया जा रहा है, जिसके कारण फिर जून के महीने में भीषण जलजमाव होगा। नगर विधायक ने टिन्ही पुल के अंतिम बिंदू तक पानी के निकासी के लिए आग्रह किया। जिसका जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष कमिटी का गठन करके यथाशीघ्र कार्य को पूरा कराया जायेगा।

इस बाबत विधायक संजय सरावगी ने कहा कि सरकार की ओर से सकारात्मक जवाब आया है। शहर में बड़े भूभाग को जल-जमाव से मुक्त कराने के लिए ही दोनार से टिन्ही पुल तक नाला का निर्माण कार्य संपन्न हुआ है। इंडस्ट्रियल औद्योगिक क्षेत्र के आगे से टिन्ही पुल के अंतिम बिंदु तक नाला निर्माण नहीं होने से बरसात के समय में इस भूभाग में जलजमाव की संभावना बनी हुई है। लेकिन सरकार का जवाब संतोषप्रद है। जल्द ही टिन्ही पुल के अंतिम बिंदू तक नाला का निर्माण होगा।