Breaking News

-अब 21 मई से 15 जून तक भरे जाएंगे फॉर्म
-9 के बदले 16 जून को होगी पैट की परीक्षा

#MNN@24X7 दरभंगा, संस्कृत विश्वविद्यालय ने 2024 में आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं के लिए परीक्षा आवेदन एवं पंजीयन प्रपुरित करने की तिथि अपरिहार्य कारणों से बढ़ा दी है। अब छात्र 21 मई से 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं। इसके पहले यह सुविधा विशेष दंड शुल्क के साथ पहली मई से 31 मई तक दी गयी थी। इस तरह समय से परीक्षा व उसके परिणाम सम्पादित करने की दिशा में पहल तेज कर दी गयी है।

मालूम हो कि शास्त्री प्रतिष्ठा, सामान्य तृतीय खण्ड सत्र 2021-24, द्वितीय खण्ड 22-25 व शास्त्री द्वितीय सेमेस्टर 23-27, आचार्य चतुर्थ सेमेस्टर 20-22, तृतीय सेमेस्टर 21-23, द्वितीय सेमेस्टर 22-24 तथा उपशास्त्री 22-24 समेत 2023 वर्षीय पैट की परीक्षा 2024 में आयोजित होनी है।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकांत ने बताया कि 2023 वर्षीय पैट परीक्षा के लिए भी आवेदन की तिथि विस्तारित कर दी गयी है। अब इसके लिए 16 मई से 05 जून तक निर्दण्ड फॉर्म भरा जा सकता है। इसके पहले यह सुविधा 15 अप्रैल से 31 मई तक थी।

वहीं इसकी परीक्षा की तिथि भी बढ़ा दी गयी है। नई व्यवस्था के अनुसार अब इसकी परीक्षा 09 जून के बदले 16 जून को आयोजित होगी। इसी तरह 2024 में होने वाली विभिन्न सत्रों की शेष उक्त परीक्षाओं के लिए 21 मई से 05 जून तक बिना दंड के , 06 जून से 10 जून तक सामान्य दंड के साथ एवम 11 जून से 15 जून तक विशेष दंड के साथ परीक्षा आवेदन व पंजीयन प्रपत्र भरा जा सकता है। इस आशय की सूचना परीक्षा नियंत्रक डॉ शैलेन्द्र मोहन झा ने बुधवार को जारी कर दी है।