मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी करेंगे स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजित निःशुल्क शिविर का उद्घाटन।
#MNN24X7 ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी के आदेश से विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केन्द्र तथा एनएसएस कोषांग के संयुक्त तत्त्वावधान में दिनांक 18 फरवरी, 2026 को स्वास्थ्य केन्द्र में निःशुल्क रक्त ग्रुप जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्य रूप से स्नातकोत्तर एनएसएस इकाई एवं दूरस्थ शिक्षा निदेशालय द्वारा संचालित बीएड (नियमित) के एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ ही अन्य छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से केन्द्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गीतेन्द्र ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें एनएसएस समन्वयक डॉ आर एन चौरसिया, पीजी एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ सोनू राम शंकर, अनुपम कुमार, राजेश रोशन, अशोक झा, अजमत इमाम तथा शिवनाथ आदि उपस्थित थे।
डॉ गीतेन्द्र ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय का यह स्वास्थ्य केन्द्र मूल रूप से पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षकों, कर्मचारियों के सपरिवार मौलिक स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्थापित किया गया था। विगत करीब 3 वर्षों से बंद इस स्वास्थ्य केन्द्र को वर्तमान कुलपति के आदेश से पुनः प्रारंभ किया गया है। मुझे उम्मीद है कि यह अपने उद्देश्यों में सफल होगा।
डॉ आर एन चौरसिया ने बताया कि शिविर में रक्त ग्रुप के अनुसार सूची तैयार किया जाएगा, ताकि भविष्य में रक्त की जरूरत होने पर आसानी से जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया जा सके। डॉ सोनू रामशंकर ने कहा कि छात्र-छात्राओं को अपने रक्त ग्रुप की जानकारी होना अति आवश्यक है। यह उन्हें किसी भी आपातकालीन स्थिति में अपने परिवार एवं समाज के लिए अधिक उपयोगी बनाएगा।
