महाराजा कामेश्वर सिंह मेमोरियल अस्पताल में लगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर
#MNN24X7 दरभंगा, मिथिला की ऐतिहासिक विरासत और राजदरभंगा परंपरा के प्रमुख स्तंभ रहे स्वर्गीय राजकुमार शुभेश्वर सिंह की 80वीं जयंती शुक्रवार को श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सरोकार के संकल्प के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराजा कामेश्वर सिंह मेमोरियल अस्पताल परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत राजकुमार शुभेश्वर सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद् एवं अंग्रेजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. हेमपती झा, प्रो. कैलाश मिश्रा, डॉ. मित्रनाथ झा, डॉ. दिनेश सिंह, श्री आर. के. दत्ता, श्री दिनेश राय एवं प्रो. गोपाल झा उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि राजकुमार शुभेश्वर सिंह न केवल राज परिवार के सदस्य थे, बल्कि समाज कल्याण और मिथिला की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक के रूप में भी उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनका जन्म 20 फरवरी 1946 को हुआ था। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने उल्लेखनीय योगदान देते हुए महाराजा लक्ष्मेश्वर सिंह कॉलेज (अगस्त 1979), विश्वेश्वर सिंह जनता कॉलेज तथा कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय के विस्तार एवं विकास में अहम भूमिका निभाई। इस क्रम में उन्होंने भूमि और भव्य भवन दान कर शिक्षा के प्रसार को मजबूत आधार दिया।

खेलों के प्रति उनके गहरे लगाव का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने बताया कि उन्होंने दरभंगा में क्रिकेट सहित कई खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत कर खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया। साथ ही राजदरभंगा की धरोहरों के संरक्षण हेतु महाराजा लक्ष्मेश्वर सिंह संग्रहालय की स्थापना (1979) कर बहुमूल्य कलाकृतियां दान कीं, जहां आज भी विश्वस्तरीय दुर्लभ संग्रह सुरक्षित हैं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। राजदरभंगा द्वारा पटना से संचालित इंडियन नेशन एवं आर्यावर्त के तत्कालीन अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक के रूप में उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के पक्ष में मुखर भूमिका निभाई। वक्ताओं के अनुसार, प्रेस बिल जैसे काले कानून के विरोध में उनके नेतृत्व ने पत्रकारों को एकजुट किया, जिसके दबाव में बिहार सरकार को यह कानून वापस लेना पड़ा।
22 मार्च 2006 को उनके निधन के बाद उनके पुत्र कुमार राजेश्वर सिंह एवं युवराज कुमार कपिलेश्वर सिंह द्वारा राजदरभंगा की गरिमा और सामाजिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि राजकुमार शुभेश्वर सिंह के आदर्श आज की पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं।
सेवा दिवस के रूप में आयोजन
जयंती को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाते हुए अस्पताल परिसर में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में दरभंगा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए 332 मरीजों की निःशुल्क जांच की गई। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श व दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर अस्पताल के सचिव आशुतोष दत्ता, सहायक सचिव अमरकांत झा, मुरली शंकर, प्रियतोश बनर्जी, प्रियांशु झा, सत्यम सिंह, मनोज साह, बबलू कुमार, संतोष झा, नीरज कुमार, पप्पू यादव, दीपक कुमार, संतोष सिंह, अशोक कुमार मंडल, रामकृष्ण लाल दास, जितेंद्र ठाकुर एवं रोहित कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
