#MNN24X7 समस्तीपुर, 15 मार्च, बंद पड़ी समस्तीपुर चीनी मिल को पुनः चालू कराने की मांग को लेकर जिला विकास संघर्ष मोर्चा के बैनर तले शुक्रवार को स्टेशन चौक से जुलूस निकाला गया।

मांगों से संबंधित नारे लगाते हुए जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए चीनी मिल चौक पहुंचा जहां जोरदार प्रदर्शन के बाद एक सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता शंकर प्रसाद साह ने की जबकी सभा का संचालन मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने किया। सभा को मोर्चा के नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राकेश कुमार ठाकुर, अशोक कुमार, शंभू राय, राम विनोद पासवान, शाहीद हुसैन, मनोज कुमार राय, सुशील कुमार राय, मिथिलेश कुमार राय, बंधु प्रसाद, विश्वनाथ सिंह हजारी समेत अन्य कई गणमान्य वक्ताओं ने किया।

मोर्चा के सुरेंद्र प्रसाद सिंह, राकेश ठाकुर ने बताया कि वर्षों से बंद पड़ी चीनी मिल के कारण क्षेत्र के हजारों किसान, मजदूर और स्थानीय लोग प्रभावित हो रहे हैं। गन्ना किसानों को अपनी उपज का उचित बाजार नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

नेताओं ने कहा कि चीनी मिल चालू होने से न केवल किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसी मांग को लेकर मोर्चा द्वारा जुलूस और सभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों, मजदूरों और आम लोगों के भाग ले रहू हैं।

सभा को अपने अध्यक्षीय संबोधन में शंकर प्रसाद साह ने सरकार से अविलंब समस्तीपुर की बंद चीनी मिल को चालू कराने की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर का बंद चीनी मिल के पास पर्याप्त 22 एकड़ से अधिक जमीन है। यहां चौतरफा सड़क एवं परिवहन व्यवस्था के साथ विधुत एवं रेल की उपलब्धता है। मिल के आसपास के 10 से अधिक चीनी उत्पादक प्रखंड है। इन प्रखंडों में सस्ते एवं प्रशिक्षित श्रमिक उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि अन्यत्र चीनी मिल खोलने से बेहतर है कि इसी बंद पड़ा चीनी मिल को सरकार को चालू करना चाहिए। इसमें सरकारी राशि की लागत भी कम होगी।

मौके पर समस्तीपुर के दूधपूरा हवाई अड्डा को जीर्णोद्धार कर चालू करने, भोला टाकीज एवं अटेरन चौक रेल गुमटी पर ऑवरब्रीज निर्माण कार्य शुरू करने, माधुरी चौक पर चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण शुरू करने की भी मांग की गई।