लोहिया चौक से पंडासराय पथ एवं आरओबी, पंडासराय का भी निरीक्षण।
#MNN24X7 दरभंगा, 15 मार्च, जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार ने आज लोहिया चौक से पंडासराय पथ, पंडासराय आरओबी,दिल्ली मोड़ आरओबी तथा बेला मोड़ का स्थल निरीक्षण किया। शहर की विकास योजनाओं का की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि लोहिया चौक से पंडासराय तक सड़क का चौड़ीकरण तथा सड़क के दोनों किनारे नाला निर्माण का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), समस्तीपुर द्वारा कराया जाना है। मार्ग पर एक एलिवेटेड सड़क का भी निर्माण किया जाएगा, जो पंडासराय को आरओबी से जुड़ेगा।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता,एनएच,समस्तीपुर को निर्देश दिया कि नाला निर्माण का कार्य अविलंब गुणवत्ताके साथ प्रारंभ कराया जाए।
जिलाधिकारी ने उक्त मार्ग में अतिक्रमण को शीघ्र चिन्हित कर हटाने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी, सदर को दिया। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को विधिवत नोटिस देने तथा माइकिंग के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया, ताकि स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें।
अतिक्रमण हटाने के पश्चात कार्यपालक अभियंता को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।
अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, दरभंगा को निर्देश दिया गया कि मार्ग को शीघ्र नापी कराते हुए प्रभावित मकानों की मार्किंग करायें।
पंडासराय आरओबी के एलाइनमेंट में जहाँ-जहाँ भू-अर्जन की आवश्यकता है, वहाँ शीघ्र चिन्हित कराने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान अमीन द्वारा बताया गया कि एलाइनमेंट में कुछ स्थानों पर पक्के मकान भी आ रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, भवन संरचना प्रमंडल, दरभंगा को ऐसे मकानों का शीघ्र मूल्यांकन कर रिपोर्ट भू-अर्जन कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
*आरओबी दिल्ली मोड़ का निरीक्षण*
दिल्ली मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर ने बताया कि सड़क किनारे सरकारी जमीन की नापी एवं मार्किंग करा दी गई है तथा संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने अतिक्रमण को शीघ्र हटाने का निर्देश दिया।
वरीय परियोजना अभियंता, पुल निर्माण द्वारा बताया गया कि सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण किया जाना है।
उन्होंने निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने के उपरांत सरकारी भूमि की अंतिम सीमा से नाला निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए। साथ ही अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को आवश्यक भू-अर्जन संबंधी अग्रेतर कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया ।
आरओबी बेला मोड़ का निरीक्षण।
बेला मोड़ आरओबी के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वरीय परियोजना अभियंता को यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण का कार्य पुल निर्माण निगम द्वारा शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने पुल निर्माण निगम को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, कार्यपालक अभियंता (भवन निर्माण विभाग), पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता, एनएचएआई के प्रतिनिधि,आरओ बहादुरपुर,अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
