Breaking News

वित्तीय वर्ष की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए तेज़ी से राजस्व संग्रहण का दिया निर्देश।

आवकाश में जाने से पूर्व अधिकारी देंगे सूचना : आयुक्त।

#MNN24X7 दरभंगा, 16 मार्च, प्रमण्डलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज प्रमण्डलीय सभागार, दरभंगा में दरभंगा प्रमण्डल के अन्तर्गत आने वाले तीनों जिलों – दरभंगा, मधुबनी एवं समस्तीपुर के वरीय पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान आयुक्त महोदय ने परिवहन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राजस्व संग्रहण, वाहन जाँच अभियान तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित गतिविधियों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अवैध परिचालन तथा बिना कागजात के चलने वाले वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, जिससे राजस्व में वृद्धि हो सके तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

वाणिज्य कर विभाग की समीक्षा के क्रम में आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी विभाग खासकर वर्क डिपार्टमेंट (कार्य विभाग) 31 मार्च तक सभी कर (TAX) की कटौती करना सुनिश्चित करें।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएँ।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को शिक्षा विभाग की रिव्यु बैठक होता है, इसलिए कार्य प्रणाली में आवश्यक सुधार अपेक्षित है।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में आयुक्त महोदय ने अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा मरीजों को दी जाने वाली सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा अस्पतालों में साफ-सफाई और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि रोगियों को दवा मिलती है कि नहीं हॉस्पिटल में सभी काम सुचारू रूप से संचालित है या नहीं, इसकी नियमित रूप से जाँच करते रहेंगे।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 24×7 रोस्टर बनाने का स्पष्ट निर्देश दिया।

उन्होंने बिना लाइसेंस वाले दवाई दुकानों पर अभियान चलाकर छापेमारी करते हुए कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।

खनिज राजस्व की वसूली में तेजी लाने तथा नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर बल दिया।

सांख्यिकी निदेशालय के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने विभिन्न सर्वेक्षण एवं आंकड़ा संकलन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सही एवं अद्यतन आंकड़ों का होना अत्यंत आवश्यक है।

कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालयों एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुँचाया जाए।

पशुपालन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने पशुओं के टीकाकरण, पशु चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता तथा पशुपालकों के लिए संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इससे संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए।

मत्स्य विभाग की समीक्षा के क्रम में उन्होंने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, मत्स्य पालकों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
मद्यनिषेध विभाग के संबंध में आयुक्त महोदय ने राज्य में लागू शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन पर बल देते हुए शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इस दिशा में सतत अभियान चलाकर कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

भवन निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न सरकारी भवनों, कार्यालयों एवं आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

आयुक्त महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए राजस्व संग्रहण पर विशेष ध्यान दें तथा सभी योजनाओं और कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि अवकाश पर जाने से पूर्व सभी अधिकारी इसकी सूचना पूर्व में ही देना सुनिश्चित करेंगे।

आयुक्त महोदय द्वारा निर्वाचन विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, विद्युत आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, आदि विभागों की भी प्रमण्डल स्तरीय समीक्षा भी की गई।

बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी – सह – क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, , क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार मनोज कुमार के साथ-साथ दरभंगा प्रमण्डल के सभी संबंधित विभागों के प्रमण्डलीय पदाधिकारी तथा तीनों जिलों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।