Breaking News

गैस की जमाखोरी तथा कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।

#MNN24X7 दरभंगा, 13 मार्च, जिलाधिकारी, दरभंगा के आदेश के आलोक में जिले के सभी गैस एजेंसियों के कार्यों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इन पदाधिकारियों की उपस्थिति में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा वितरण प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारू रूप से चलते रहें।

उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिलान्तर्गत संचालित एल.पी.जी. गैस एजेसियों द्वारा 13 मार्च को 12 हजार 260 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया है, जबकि 10,055 सिलेंडर एजेसिंयों के पास शेष हैं।

दरभंगा जिला में 14 मार्च 2026 को 6,732 एल.पी.जी. गैस सिलेंडर आने की संभावना है। इस प्रकार दरभंगा जिला में संचालित एजेंसियों के पास 16,787 गैस सिलेंडर भंडारित होगा, जिसमें सें 14 मार्च को दरभंगा जिलान्तर्गत एजेंसियों द्वारा कुल – 11 हजार 970 गैस सिलेंडरों का वितरण किये जाने की संभावना है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।

आमजनों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और किसी भी प्रकार की गलत सूचना से बचें।

जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की सतत एवं गहन निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।