#MNN24X7 दरभंगा, संवाददाता :दरभंगा में दि स्पॉट लाईट थिएटर, दरभंगा एवं दि स्ट्रगलर्स, पटना के संयुक्त तत्वावधान में बहुद्देशीय भवन परिसर में ‘अष्टदल’ के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथि सम्मान के साथ हुआ। विश्व रंगमंच दिवस से हिन्दी रंगमंच दिवस तक चलने वाले इस आठ दिवसीय आयोजन में हर दिन विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं की प्रस्तुति की जाएगी।
कार्यक्रम के पहले दिन संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. पुष्पम नारायण, श्याम भास्कर, हेमेंद्र कुमार लाभ एवं प्रकाश बंधु के नेतृत्व में ‘रंगमंच पर राजनीति का प्रभाव एवं रंगमंचीय नैतिकता’ विषय पर गहन परिचर्चा हुई। वक्ताओं ने रंगमंच की सामाजिक भूमिका, उसकी स्वतंत्रता और नैतिक मूल्यों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
आयोजन के संयोजक एवं दि स्पॉट लाईट थिएटर, दरभंगा के संचालक प्रख्यात रंगमंच कलाकार सागर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में आगामी सात दिनों के कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगले दिनों में क्रमशः शाम-ए-ग़ज़ल, काव्य पाठ, चित्रपट, नृत्य प्रस्तुति, कथा पाठ, मैथिली नाट्य मंचन तथा हिंदी नाट्य मंचन का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन की विशेषता यह है कि देशभर की प्रतिष्ठित संस्थाएं इसमें भाग लेकर अपनी प्रस्तुतियां देंगी, जिससे दर्शकों को विविध सांस्कृतिक रंगों का अनुभव होगा। आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि सांस्कृतिक चेतना के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शुभारंभ अवसर पर स्थानीय मीडिया चैनलों, समाचार पत्रों एवं डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस सांस्कृतिक महोत्सव को व्यापक कवरेज प्रदान किया।
