#MNN24X7 दरभंगा दरभंगा (लहेरियासराय) में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से यातायात थाना द्वारा सख्त अभियान चलाया गया। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल कर्पूरी चौक के पास चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान टोटो रिक्शा, टेंपो, दोपहिया सहित अन्य वाहनों की गहन जांच की गई।

अभियान का नेतृत्व कर रहे यातायात थाना प्रभारी चंद्रोदय प्रकाश ने बताया कि जिन वाहन चालकों के पास वैध परमिट या आवश्यक कागजात नहीं पाए गए, उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए जागरूक किया गया। वहीं बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया चालकों पर जुर्माना सहित कार्रवाई भी की गई।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को समझाया गया कि वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस और परमिट जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य है।
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, डीएसपी यातायात के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
यातायात थाना की ओर से सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों के आवश्यक कागजात जल्द से जल्द पूर्ण कर लें और नियमों का पालन करें, जिससे शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित हो सके।
रिपोर्ट: नीरज कुमार राय
