Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 12 अप्रैल। आगामी भगवान परशुराम जयंती को भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने को लेकर दरभंगा में ब्राह्मण समाज ने कमर कस ली है। रविवार को जिला अतिथि गृह में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया और 20 अप्रैल को होने वाले जयंती समारोह की व्यापक तैयारियों पर चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष जयंती समारोह को भव्य स्वरूप दिया जाएगा, ताकि समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था का संदेश जन-जन तक पहुंच सके। वक्ताओं ने भगवान परशुराम के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

निर्णय के अनुसार, 20 अप्रैल को लहेरियासराय के बलभद्रपुर स्थित ब्रह्मस्थान में सुबह 9 बजे से विधिवत पूजा-अर्चना, हवन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन और जनसंपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में एक अहम प्रस्ताव पारित करते हुए बिहार सरकार से मांग की गई कि भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर राज्य में राजकीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पावन अवसर पर भाग ले सकें। वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं, इसलिए उनकी जयंती को उचित सम्मान मिलना चाहिए।

समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस आयोजन को सफल बनाएं और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।

बैठक का समापन समाज की एकता और कार्यक्रम की सफलता के संकल्प के साथ हुआ। बैठक में डॉ. प्रभाकर झा, डॉ. आनंद प्रकाश झा, रंजीत झा, गगन झा, पंकज झा, मुकुंद चौधरी, शंकर मिश्र, लालबाबू चौधरी, हरिओम कुमार, नीरज चौधरी, अजय कुमार झा, धर्मेंद्र मिश्र, अभिजीत कश्यप, सुबोध चौधरी, गौरव कुमार झा, अभिषेक कुमार झा, अमित पाठक सहित कई लोग उपस्थित थे।