Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 12 अप्रैल (रिपोर्ट: नीरज कुमार राय)। जिले के बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत बाजितपुर गांव में अखिल भारतीय धानुक एकता महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से माधव मंडल को जिला अध्यक्ष एवं अशोक मंडल को महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण मंडल की विशेष उपस्थिति रही, जिनके नेतृत्व में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और वंचित समाज की आवाज बुलंद करने पर जोर दिया।

बैठक में पूर्व प्रदेश महासचिव डॉ. अमरजीत कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा सके।

इसके साथ ही आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। बैठक में यह रणनीति बनाई गई कि पंचायत स्तर पर धानुक समाज की भागीदारी और प्रभाव को कैसे बढ़ाया जाए।

अंत में उपस्थित सदस्यों ने संगठन को सशक्त बनाने और समाज के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।