#MNN24X7 समस्तीपुर। शहर के खरीदाबाद (मगरदही) क्षेत्र में राजद नेता व पूर्व मुखिया अमर शहीद अखिलेश राय तथा पूर्व मुखिया रामउदेश राय की पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद अखिलेश राय के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के साथ हुई।

सभा की अध्यक्षता पूर्व विधान पार्षद सह राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती ने की, जबकि संचालन शिक्षाविद राजकुमार राय राजेश ने किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं ने स्वर्गीय अखिलेश राय के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें गरीबों, शोषितों और पीड़ितों की बुलंद आवाज बताया।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री सह उजियारपुर विधायक आलोक कुमार मेहता, पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, विभूतिपुर विधायक अजय कुमार, मेयर अनीता राम एवं संस्कृत बोर्ड सदस्य डॉ. दुर्गेश राय ने कहा कि स्वर्गीय अखिलेश राय सामाजिक न्याय और आपसी सद्भाव के मजबूत स्तंभ थे। एक लोकप्रिय मुखिया और समर्पित राजद नेता के रूप में उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों के लिए हमेशा संघर्ष किया, जिसे भुलाया नहीं जा सकता।
वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित रहा और वे हमेशा गरीबों के मसीहा के रूप में याद किए जाएंगे। सभा में बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लेकर दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में राजद, भाकपा, माकपा समेत विभिन्न दलों के नेता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
