#MNN24X7 दरभंगा, लहेरियासराय महान गणितज्ञ आर्यभट्ट की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा एवं ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लहेरियासराय स्थित निजी प्रतिष्ठान “आमंत्रण बैंकट” में संपन्न हुआ, जिसमें समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों, बुद्धिजीवियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आर्यभट्ट के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने उनके गणित एवं खगोल विज्ञान के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि शून्य (0) की खोज और पृथ्वी की परिधि के सटीक आकलन जैसे उनके कार्य आज भी वैज्ञानिक जगत के लिए मील का पत्थर हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आर्यभट्ट केवल एक महान वैज्ञानिक ही नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा के गौरवशाली प्रतीक हैं। उनके विचारों और सिद्धांतों को अपनाकर युवा पीढ़ी देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने समाज में शिक्षा के प्रसार एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने आर्यभट्ट के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत झा, ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष प्रभाकर झा, डॉ. आनंद प्रकाश झा, मुकुंद चौधरी, पंकज झा, सुबोध चौधरी, बालेन्दु झा, प्रशांत चौधरी, अजय झा, अमित शांडिल्य, आशुतोष झा, रंजीत झा गगन, रामसागर कुंवर, शंकर मिश्र, सुमन जी झा, संजय झा, अजय मिश्र, भरत चौधरी, गिरीश चंद्र झा, अमित पाठक, फुलकुमार टेकटरिया सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
