Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर, 14 अप्रैल जिला मुख्यालय स्थित कर्पूरी आश्रम में राजद कार्यालय पर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधान पार्षद सह राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती ने की, जबकि संचालन राजद दलित सेल के जिलाध्यक्ष सत्यविंद पासवान ने किया। कोषाध्यक्ष विश्वनाथ राम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उजियारपुर विधायक आलोक कुमार मेहता, पूर्व विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, पूर्व विधायक अशोक प्रसाद वर्मा, रोमा भारती तथा राजद अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द सहनी ने कहा कि बाबा साहेब ने शोषित एवं पीड़ित समाज को जागरूक कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाया। उन्होंने “शिक्षित बनो, संगठित हो और संघर्ष करो” का संदेश देकर समाज को सशक्त करने का मार्ग प्रशस्त किया।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर को केवल दलितों के उत्थान के लिए ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और आधुनिक भारत की नींव रखने के लिए भी याद किया जाता है। भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान को अविस्मरणीय बताते हुए सामाजिक न्याय और समानता की स्थापना में उनकी भूमिका को सराहा गया।

इस अवसर पर राजद के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवियों की भी भागीदारी रही, जिससे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।