Breaking News

34 सिम कार्ड कंबोडिया भेजे जा चुके थे, सिम रिटेलर गिरफ्तार

दरभंगा, 29 अप्रैल (रिपोर्ट: नीरज कुमार राय): आर्थिक अपराध इकाई, पटना की सूचना पर दरभंगा साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े फर्जी सिम कार्ड रैकेट का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक सिम रिटेलर को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर साइबर ठगों को उपलब्ध करा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान केवटी थाना क्षेत्र निवासी विवेक मोबाइल के प्रोपराइटर विवेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 36 ब्लैक सिम कार्ड, एक बायोमेट्रिक डिवाइस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

साइबर डीएसपी बिपिन बिहारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि सूचना मिली थी कि जिले के कुछ दुकानदार एक ही व्यक्ति के नाम पर कई सिम कार्ड जारी कर उन्हें विदेशों में सक्रिय साइबर ठगों को भेज रहे हैं। इन सिम कार्डों के माध्यम से ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।

पूछताछ के दौरान विवेक कुमार ने स्वीकार किया कि वह ग्राहकों के नाम पर दो से तीन सिम कार्ड निकालता था, जिनमें से एक सिम ग्राहक को देता था और बाकी सिम ऊंची कीमत पर साइबर अपराधियों को बेच देता था। पुलिस के अनुसार, अब तक 34 सिम कार्ड कंबोडिया भेजे जा चुके थे, जहां से साइबर फ्रॉड का संचालन हो रहा था।

इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 72/25 पहले से दर्ज है। इसमें बहेड़ा थाना क्षेत्र के रोशन इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर रौशन झा तथा घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के अभिषेक इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर अभिषेक कुमार को आरोपी बनाया गया है। पुलिस रौशन झा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अभिषेक कुमार अब भी फरार है। उसके खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका है और शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रौशन झा के पास से चीन से मंगाए गए उपकरण सहित साइबर ठगी से जुड़े कई सामान बरामद किए गए थे। साथ ही, शहर में कॉल सेंटर के जरिए ठगी का एक बड़ा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

साइबर डीएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि सिम कार्ड खरीदते समय सतर्क रहें और दुकानदार को केवल एक बार ही बायोमेट्रिक व फोटो देने की अनुमति दें। उन्होंने चेतावनी दी कि कई बार दुकानदार एक ही व्यक्ति के नाम पर कई सिम निकालकर उनका दुरुपयोग करते हैं।