Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, रिपोर्ट: नीरज कुमार राय दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में एक पेंटर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बबलू यादव (35) के रूप में हुई है। उनका शव शहर स्थित एक पेंट दुकान के गोदाम से बरामद किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबलू यादव कई वर्षों तक “महादेव इंटरप्राइजेज” नामक पेंट दुकान में कार्यरत थे। कुछ समय पूर्व उन्होंने रानीपुर दुर्गा मंदिर के समीप अपनी अलग दुकान खोल ली थी। इसी बात को लेकर दुकान संचालक चंदन कुमार उनसे नाराज चल रहा था।

बताया जाता है कि चंदन कुमार ने बबलू यादव को गिफ्ट देने के बहाने मंगलवार को अपनी दुकान पर बुलाया। उसी दिन बबलू यादव अपने बेटे की शादी का कार्ड लेकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान उनकी साइकिल महादेव इंटरप्राइजेज के पास मिली, जिसके बाद संदेह गहराया।

परिजनों ने दुकान मालिक के पिता महादेव यादव से पूछताछ की। प्रारंभ में चंदन कुमार ने घटना से अनभिज्ञता जताई, लेकिन पुलिस के दबाव में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने गला दबाकर बबलू यादव की हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना सहित कोतवाली, सदर और लहेरियासराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।