#MNN24X7 दरभंगा,रिपोर्ट नीरज कुमार राय -दरभंगा में आज मध्य निषेध विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जब्त शराब का विनष्टीकरण किया गया। जिलाधिकारी के आदेश के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने सदर एसडीएम विकास कुमार की उपस्थिति में कुल 4733.830 लीटर शराब को नष्ट किया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और शराब कारोबारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मध्य निषेध विभाग के संयुक्त आयुक्त प्रदीप कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। उन्होंने कहा कि विनष्टीकरण की गई शराब में विदेशी शराब, बीयर और देसी शराब शामिल है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 3680.430 लीटर विदेशी शराब, 834 लीटर बीयर तथा 219.400 लीटर देसी शराब को नष्ट किया गया। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
संयुक्त आयुक्त प्रदीप कुमार ने कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू हुए 10 वर्ष हो चुके हैं और इस कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग तथा पुलिस विभाग लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े-बड़े शराब माफियाओं को गिरफ्तार किया गया है। इतना ही नहीं, बिहार से बाहर रहकर शराब कारोबार करने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की गई है।
उन्होंने शराब कारोबार से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अब भी इस अवैध धंधे से जुड़े हुए हैं, वे समय रहते इसे छोड़ दें। सरकार द्वारा स्वरोजगार और जीविकोपार्जन के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाएं और मुख्यधारा से जुड़ें। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब के अवैध कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।
मध्य निषेध विभाग ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। विभाग ने शराब से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 15545 जारी किया है। इसके अलावा उत्पाद विभाग दरभंगा के असिस्टेंट कमिश्नर का मोबाइल नंबर 9473400620 भी जारी किया गया है, जिस पर लोग फोन या व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना दे सकते हैं।
