Breaking News

तेज आंधी-बारिश में भवन क्षतिग्रस्त, फॉल्स सीलिंग गिरी; ANM घायल, मरीजों में मची अफरातफरी

#MNN24X7 दरभंगा, रिपोर्ट : नीरज कुमार रायदरभंगा सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को तेज आंधी, बारिश और बिजली की गर्जना के बीच बड़ा हादसा टल गया। अचानक अस्पताल भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वार्ड में लगी फॉल्स सीलिंग भरभराकर नीचे गिर पड़ी। घटना में एक एएनएम (ANM) घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त वार्ड में मरीजों का इलाज चल रहा था। अचानक तेज आवाज के साथ छत का हिस्सा गिरने लगा, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। डॉक्टर, नर्स, अस्पताल कर्मी और मरीज जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागते नजर आए।

घटना के दौरान स्थिति उस समय और भयावह हो गई, जब अस्पताल परिसर में लगे टिन के चादरों में बिजली का करंट फैलने लगा। इससे मरीजों और उनके परिजनों के बीच दहशत का माहौल बन गया। अस्पताल कर्मियों ने किसी तरह लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। कई बार भवन की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने क्षतिग्रस्त हिस्से को खाली करा दिया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं, मरीजों के इलाज की वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है।