Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, शहर के व्यस्त स्टेशन रोड इलाके में सोमवार की देर रात हुई हिंसक मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को ‘स्टेशन रोड दुकानदार संघ’ के बैनर तले व्यापारियों ने आपात बैठक कर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित दुकानदारों ने सड़क जाम कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया और दोषियों की गिरफ्तारी के साथ अवैध बस पार्किंग हटाने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार सोमवार की रात करीब एक बजे बस चालकों और स्थानीय दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बस चालकों और खलासियों ने राखी होटल समेत आसपास की कई दुकानों पर हमला बोल दिया। दुकानदारों का आरोप है कि हमलावरों ने दुकानों में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि स्टेशन रोड पर लंबे समय से बस चालकों और खलासियों की दबंगई बढ़ती जा रही है। सड़क किनारे अवैध रूप से बसें खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे जाम और अव्यवस्था बनी रहती है। विरोध करने पर बस कर्मी दुकानदारों और यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट करते हैं।

बैठक में व्यापारियों ने कहा कि स्टेशन रोड में चल रही अवैध बस पार्किंग ही इस तरह की घटनाओं की मुख्य वजह है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल अवैध पार्किंग हटाने तथा हमले में शामिल सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।

दुकानदार संघ ने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा तथा दुकानें अनिश्चितकाल के लिए बंद रखी जाएंगी।

बैठक में संघ के मुख्य संरक्षक आर. के. दत्ता, कारी गामी, पुट्टू मिश्रा, हरि शंकर गुप्ता, हीरा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।