Breaking News

दरभंगा। रविवार को दरभंगा के सीएम कॉलेज सेंटर पर सीडीपीओ की परीक्षा देने आया एक परीक्षार्थी नकल करते रंगे हाथों पकड़ा गया। वह जूते के मोजे में मोबाइल छिपा कर लाया था और ब्लूटूथ डिवाइस से आराम से नकल कर रहा था। परीक्षा केंद्र पर न तो वीक्षक, कॉलेज कर्मी और न ही पुलिस के लोगों को मोबाइल लेकर प्रवेश करने की अनुमति थी। लेकिन परीक्षा खत्म होने के कुछ ही देर पहले परीक्षार्थी के मोबाइल पर अचानक से रिंग बज उठा और उसकी चोरी पकड़ी गई। पकड़ा गया परीक्षार्थी मधेपुरा का है और उसका नाम राजेश कुमार है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी गई है।

पकड़े गए परीक्षार्थी राजेश कुमार ने बताया कि वह गलती से मोबाइल लेकर चला आया था। लेकिन जूते के मोजे में छिपा कर क्यों लाया था इसका जवाब न दे सका। उसने बताया अचानक से उसका मोबाइल बज उठा जिसके कारण उसे पकड़ लिया गया। सेंटर पर तैनात मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार ने कहा कि एक परीक्षार्थी को मोबाइल से नकल करते पकड़ा गया है। परीक्षा अधिनियम के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं, सीएम कॉलेज के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. फूलो पासवान ने बताया कि रविवार को नियत समय पर सीडीपीओ की परीक्षा शुरू हुई थी। कड़ी निगरानी के बीच न तो परीक्षार्थी और न ही अधिकारियों-कर्मियों को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति थी। इसके बावजूद मधेपुरा का राजेश कुमार मोबाइल लेकर अमदर प्रवेश करने में सफल रहा। उन्होंने कहा कि उसका मोबाइल पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ लहेरियासराय थाने में एफआइआर दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि वे इसकी रिपोर्ट बिहार लेक सेवा आयोग को भेज रहे हैं।

बता दें कि हाल ही में बीपीएससी की परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हुआ था। आरा के कुंअर सिंह कॉलेज पर कुछ परीक्षार्थियों को अलग कमरे में बिठाकर परीक्षा लेने की शिकायत भी दर्ज की गई थी। इसके बाद बीपीएससी ने परीक्षा रद्द कर दी थी। अब सीडीपीओ की रविवार को हुई परीक्षा में मोबाइल से नकल कर रहे परीक्षार्थी ने किसको-किसको प्रश्नोत्तर बताया है और यह प्रश्न पत्र लीक हुआ या नहीं इसकी जांच की जा रही है।