Breaking News

दरभंगा: दरभंगा में अपराध का ग्राफ गिरने का नाम नही ले रहा। एक घटना की खबर आयी नहीं कि दूसरी घटना हो जा रही है। इसी क्रम में जिले के बहादुरपुर थानाक्षेत्र के रामनगर में सोमवार की देर शाम एक 13 वर्षीय किशोर की लाश घर के छत पर मिली। मृतक की पहचान विजय यादव के 13 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। मृतक के नाक मुंह से खून निकला हुआ था।

घटना की सूचना मिलने पर बहादुरपुर थाना की पुलिस प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष विक्रम सिहाग के नेतृव में पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केलिए डीएमसीएच भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन शुरू कर दी।

वहीं मृतक के परिजनों ने जमीनी विवाद के कारण अपने पड़ोस के गोविंद यादव एवं उनके बेटों पर पीट पीट कर हत्या कर देने का आरोप लगाया है। मृतक के बड़े भाई चंदन कुमार यादव ने बताया कि पड़ोसी से उनका जमीनी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था जिसमे उनलोगों ने उनके पिता को जान से मार देने की धमकी दी थी।

उन्होंने बताया कि शाम के करीब 6:30 से 7:00 बजे के बीच सभी लोग गाय के घर की तरफ थे। उनका छोटा भाई अकेले था। मौका पाकर उनके पड़ोसी ने छत के रास्ते आकर भाई को अपने घर ले जाकर उसकी पिटाई करते हुए हत्या कर दी और लाश को उनके छत पर फेंक दिया।

इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। फिलहाल पूरी घटना पर पुलिस का पक्ष प्राप्त नही हो सका है।