Breaking News

असाध्य रोगियों को तीन महीने का निःशुल्क दवा, मरीजों की पैथोलॉजी जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा।

#MNN24X7 दरभंगा, 26 सितंबर, हनुमाननगर प्रखंड क्षेत्र के पंचोभ पंचायत में शैल-विमल स्वास्थ्य एवं समाज सेवा संस्थान के तत्वावधान में आज आयोजित “मानसून महोत्सव (निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर)” में मौसम खराब होने के बावजूद 2 हजार से अधिक मरीजों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों की चिकित्सकीय जांच, परामर्श, पैथोलॉजी जांच तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवा उपलब्ध कराई गई वही असाध्य रोग से पीड़ित मरीजों को तीन महीने का मुफ्त दवा दिया गया।

शिविर का उद्घाटन सुबह 8 बजे जिला पंचायती राज पदाधिकारी, दरभंगा श्री पवन कुमार यादव, शैल-विमल स्वास्थ्य एवं समाज सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार चौधरी एवं प्रोफेसर डॉ. उषा चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

शिविर में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चे पहुंचे। मौसम खराब होने के बावजूद मरीजों की भारी भीड़ इस स्वास्थ्य शिविर के प्रति लोगों के विश्वास और आवश्यकता को दर्शाती है। शिविर में आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। गंभीर एवं असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवा उपलब्ध कराई गई, जबकि अन्य मरीजों की पैथोलॉजी जांच एवं पूर्व से चल रही आवश्यक दवाओं की व्यवस्था भी की गई।

शिविर की व्यवस्थाओं में पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। मरीजों के बैठने, पंजीकरण, जांच, दवा वितरण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को जनप्रतिनिधियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा व्यवस्थित रूप से संभाला गया।

चिकित्सा दल में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवा

शिविर के चिकित्सा दल का नेतृत्व डॉ. संजीव कुमार चौधरी (एम.डी. मेडिसिन) ने किया। उनके साथ डॉ. रिंकू सिंह, डॉ. राजेश कुमार यादव, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. विनोद सिंह, डॉ. रंजीत कुमार एवं डॉ. महेश कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच एवं उपचार किया।

वहीं पैथोलॉजी एवं जांच व्यवस्था में देवराज चौधरी, कन्हैया पांडे, मनीष सिंह, पंकज कुमार, छोटेलाल, अभिजीत सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

33 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है मानसून महोत्सव

संस्था के सचिव एवं पंचायत के मुखिया श्री राजीव कुमार चौधरी ने बताया कि आदरणीय डॉ. संजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में पिछले 33 वर्षों से लगातार मानसून महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। बरसात के मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार, मलेरिया, टाइफाइड सहित जलजमाव के कारण उत्पन्न होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए प्रत्येक वर्ष यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराना है। संस्था द्वारा ठंड के मौसम में भी स्वास्थ्य शिविर एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण जैसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

मुख्य सहयोगकर्ताओं की रही महत्वपूर्ण भूमिका

शिविर के सफल आयोजन में मुख्य सहयोगकर्ताओं फिल्म निर्देशक पथ सौरभ, परिपूर्णानंद चौधरी, गौतम कांत चौधरी, पंकज कुमार चौधरी, रोहित कुमार चौधरी, लाल बच्चा दास, सुकुमारी देवी, विद्या देवी, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, अहमद अली, तमन्ने एवं विश्वनाथ मिश्र सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर पंचायत के विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता पूरे समय शिविर में मौजूद रहे तथा मरीजों की सुविधा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता को देखते हुए संस्था की ओर से सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, सहयोगकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम जारी रहेंगे।