Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर, संवाददाता: ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (पूसा) समस्तीपुर एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 22 से 26 अप्रैल 2026 के दौरान उत्तर बिहार में मौसम शुष्क एवं आसमान साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जाएगी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि कुछ जिलों में यह 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अगले एक से दो दिनों तक कई स्थानों पर लू चलने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 अप्रैल को पछिया हवा 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी, जिसके बाद हवा का रुख बदलकर पूरवा हो जाएगा। इस दौरान सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 40 से 50 प्रतिशत तथा दोपहर में यह घटकर 10 से 20 प्रतिशत तक रहने की संभावना है।

विशेषज्ञों ने किसानों और आम नागरिकों को तेज धूप और लू से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।