05 अप्रैल से 18 अप्रैल तक होगा प्राप्त दावा आपत्ति का  निराकरण।

03 मई 2023 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन।

#MNN@24X7 दरभंगा, 13 मार्च, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन द्वारा निबंधन पदाधिकारी(नगरपालिका)-सह-अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर एवं बिरौल को पत्र निर्गत करते हुए कहा है कि सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना द्वारा नगर परिषद, जाले, नगर पंचायत, घनश्यामपुर, बिरौल तथा कमतौल अहियारी का निर्वाचन कराये जाने के उद्देश्य से फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार किये जाने का दिशा-निर्देश संसूचित किया गया है।

उक्त के आलोक में उन्होंने कहा कि निर्देशानुसार 01.01.2023 की अहर्ता तिथि के आधार पर 27 जनवरी 2023 को बिहार विधानसभा का अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर ही उपरोक्त नगर निकायों के आम निर्वाचन,2023 के लिए मतदाता सूची तैयार किया जाना है।

तदनुसार उन्होंने कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन हेतु फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने के लिए निम्न प्रकार से कार्यक्रम निर्धारित किया गया है :-

उन्होंने कहा कि 13 मार्च 2023 से 23 मार्च 2023 तक अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2023 के आधार पर बिहार विधानसभा का अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची का वार्डवार विखंडीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही 24 मार्च 2023 से 28  मार्च 2023 तक जिला द्वारा सॉफ्टवेयर के माध्यम से मतदाता सूची का वार्डवार विखंडीकरण एवं विखंडीकृत मतदाता सूची के डाटा बेस की जाँच की जाएगी।
वहीं 31 मार्च 2023 से 03 अप्रैल 2023 तक मतदाता सूची का पी.डी.एफ तैयार कर मतदाता सूची के प्रारूप प्रति का मुद्रण करवाया जाएगा।

इसके साथ ही 05 अप्रैल 2023 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। वहीं 05 अप्रैल से 18 अप्रैल 2023 तक दावा/आपत्ति प्राप्त करने की  अवधि निर्धारित की गई।

उन्होंने कहा कि 06 अप्रैल 2023 से 24 अप्रैल 2023 तक प्राप्त दावा,आपत्ति का निराकरण एवं तद्नुसार सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि की जाएगी। इसके साथ ही 25 अप्रैल 2023 से 02 मई 2023 तक मतदाता सूची का पी.डी.एफ तैयार किया जाएगा एवं अंतिम मतदाता सूची का मुद्रण करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 03 मई 2023 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करवाया जाएगा।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार द्वारा दिये गये निर्देश के आलोक में फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयारी हेतु समय आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।