#MNN@24X7 दरभंगा। सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने सोमवार को सुभाष चौक पर स्थित नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उनके साथ दुर्गा नंद झा, प्रवीण कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई, प्रेम कुमार झा, दिनेश झा, नवल किशोर झा, गिरधारी झा आदि ने भी नेताजी की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की।

मौके पर डा बैजू ने सुभाषचंद्र बोस को स्वतंत्रता संग्राम का अग्रणी नेता बताते कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अंग्रेजों के खिलाफ लड़़ने के लिए जापान के सहयोग से ‘आजाद हिन्द फौज’ के गठन के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

प्रवीण कुमार झा ने नेताजी की ओर से दिए गये ‘जय हिंद’ के नारा को भारत का राष्ट्रीय नारा बताया। दुर्गानंद झा ने कहा कि सुभाष चंद बोस के मन में देशप्रेम, स्वाभिमान और साहस की भावना बचपन से ही प्रबल थी। प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई ने कहा कि छोटी आयु में ही नेताजी ने यह जान लिया था कि जब तक सभी भारतवासी एकजुट होकर अंग्रेजों का विरोध नहीं करेंगे, तब तक हमारे देश को गुलामी से मुक्ति नहीं मिल सकेगी.

दिनेश झा ने कहा कि जहां सुभाषचन्द्र बोस के मन में अंग्रेजों के प्रति तीव्र घृणा थी, वहीं अपने देशवासियों के प्रति उनके मन में बड़ा प्रेम था। प्रेम कुमार झा एवं गिरधारी झा ने नेताजी को क्रांति का अमर सेनानी बताया।