अधिकांश लंबित मामलों का निष्पादन।

#MNN@24X7 पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया में गुरुवार को 74वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कुलपति प्रोफेसर राजनाथ यादव ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के महत्व और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया।

कुलपति ने कहा कि विवि के अधिकांश पेंडिंग मामलों को सरकार के स्तर पर निष्पादित किया जा चुका है। विश्वविद्यालय के लिए आवंटित सैंतीस एकड़ भूमि में बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सरकारी एजेंसी बीएसआईडीसी ने एकेडमिक ब्लॉक, परीक्षा भवन, प्रशासनिक भवन आदि के लिए एस्टीमेट तैयार किया है। स्नातकोत्तर विषयों को मान्यता दी गई है। प्री पीएचडी टेस्ट के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया है। मार्च, 2023 तक परीक्षाएं नियमित की जाएंगी। सत्र 2022-2023 की परीक्षाएं निर्धारित समय पर ली जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अनुशासन जरूरी है। बातचीत से हर समस्या का समाधान हो सकता है। विश्वविद्यालय छात्रों के लिए है। इसलिए आंदोलन करने से पहले समस्याओं की विधिवत जानकारी दें। उन्होंने कहा कि जो दिसंबर 2022 तक सेवानिवृत्त हुए हैं, उनकी पेंशन निर्धारित कर भुगतान की जा चुकी है। अनुकंपा कर्मी जिनका भुगतान वर्ष 2016 से लंबित था, उनका भी सरकार से अनुमति मिलने पर निष्पादित कर दिया गया है। विधि संकाय की मान्यता के लिए विवि प्रयास कर रहा है। नए अनुकंपा पाल्यों की नियुक्ति प्रक्रियाधीन है। शीघ्र ही विश्वविद्यालय के सभी प्राचार्यों की बैठक बुलाकर महाविद्यालयों में गुणात्मक सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी,डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक,शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र, छात्राएं और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।