◆ शीशा तोड़कर निकाले गए बाराती!

#MNN@24X7 बेतिया। नरकटियागंज-गौनाहा मुख्य पथ पर शुक्रवार की सुबह करीब ढाई दर्जन बारातियों से भरी सुपर वीआईपी नामक बस हरदीटेढ़ा स्थान के पास पलट गई। दुर्घटना में तेरह बाराती घायल बताए जा रहे हैं।
बारातियों ने बताया कि बस का चालक गांजा के नशे में था और बस पलटने के बाद वो शीशा तोड़कर बाहर निकला और फरार हो गया।

घायलों की पहचान भितिहरवा गांव निवासी विकास कुमार, अफरोज अंसारी, संतोष राम, अब्दुल अंसारी, मुन्ना राम, गुल्ली राम, राजेन्द्र कुमार, देव नारायण, गणेश राम, सुरेन्द्र साह, निर्भय कुमार, मनोज कुमार, जयचंद्रन कुमार और मुरली भरहवा गांव निवासी ढोढ़ा राम के रूप में की गई है। घायलों में जयचंद्रन कुमार की पसली टूट गई है और संतोष राम, अब्दुल अंसारी व विकास कुमार को भी गंभीर चोट लगी है। इन चारों को प्राथमिक उपचार के बाद बेतिया रेफर किया गया है। घायल बलिराम राम और संतोष राम ने बताया कि बस का चालक गांजा के नशे में था, जिसके कारण उसने बस से नियंत्रण खो दिया और यह दुर्घटना हो गई।

उन्होंने बताया कि भितिहरवा निवासी शत्रुघन राम के बेटे की बारात बानुछापर में ललन राम के घर गई थी। शादी समारोह खत्म होने के बाद अलसुबह चार बजे करीब तीस बारातियों को लेकर बस वहां से निकली और नरकटियागंज से चार किमी आगे बढ़ने पर ही यह दुर्घटना हो गई। “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में छानबीन की जा रही है। आवेदन मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।”-रामाश्रय यादव, थानाध्यक्ष, शिकारपुर, प. चम्पारण।