दरभंगा, 22 मार्च 2022 :- बिहार दिवस (22 मार्च) के अवसर पर लहेरियासराय,दरभंगा के नेहरू स्टेडियम में बिहार दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता एवं सहायक समाहर्त्ता अभिषेक पलासिया के कर कमलों से दीप प्रज्वलन कर किया गया।


       कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि बिहार के स्वर्णिम इतिहास को स्मरण करने एवं मनाने का आज दिन है। बिहार के इतिहास का रामायण काल सहित सभी कालों का जब हम अवलोकन करते हैं तो हम पाते हैं कि बिहार ने सभी क्षेत्रों विश्व में अपना योगदान दिया है। चाहे वह लिच्छवी का प्रथम गणतंत्र का हो, चाहे वह नालंदा का प्रथम विश्वविद्यालय का हो, चाहे वह चाणक्य की राजनीति शास्त्र का हो चाहे आर्यभट्ट के ज्ञान का हो, चाहे बौद्ध और जैन धर्म का प्रादुर्भाव का हो।
     मिथिला की भूमि भी विद्वानों के शास्त्रार्थ के लिए प्रसिद्ध रही है। साथ ही मिथिला अपने साहित्य और कला के लिए भी प्रसिद्ध रहा है।
      कार्यक्रम में मोहित खंडेलवाल की टीम ने समूह भाव नृत्य प्रस्तुत किया तथा शारदा म्यूजिकल ग्रुप ने देशभक्ति और बिहार गौरव पर कई गीत प्रस्तुत किए।
  इसके पूर्व पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पेंटिंग प्रतियोगिता में माउंट समर कन्वेंट स्कूल के आठवीं कक्षा के छात्र अतुल कुमार शर्मा प्रथम स्थान पर, बी.बी. गर्ल्स मिडिल स्कूल के 8 वें वर्ग की छात्रा अदिति कुमारी द्वितीय स्थान पर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय कबीरचक दरभंगा के सातवें वर्ग की छात्रा जुली कुमारी तीसरे स्थान पर तथा माउंट समर कन्वेंट स्कूल की पंखुड़ी आनंद एवं राजकीय कन्या मध्य विद्यालय दरभंगा की तन्वी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
      पेंटिंग प्रतियोगिता के निर्णायक की भूमिका में मिथिला पेंटिंग के चित्रकार एवं प्रोफेसर उमेश उत्पल तथा उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता थे।
     पूर्वाहन में शिक्षा विभाग द्वारा समाहरणालय परिसर से प्रभातफेरी निकाली गई जो लोहिया चौक, जेल रोड होते हुए पुनः समाहरणालय में समाप्त हुई।