#MNN@24X7 वाराणसी। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बड़े भाई काशीनाथ सिंह की धर्मपत्नी और राजनाथ सिंह की 80 वर्षीय भाभी नयनतारा देवी का सोमवार को 20 दिन बाद बीएचयू में इलाज के दौरान निधन हो गया।कमर में चोट लगने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था।नयनतारा देवी अपने छोटे बेटे के साथ मिरजापुर में रहती थीं।

दिल्ली से विशेष विमान से पहुंचे काशी।

निधन का समाचार मिलने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत उनके परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली से वाराणसी पहुंचे।वायुसेना के विशेष विमान से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह लगभग 11 बजे पहुंचे।एयरपोर्ट पर भाजपा नेता पहले से ही मौजूद थे।रक्षा मंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मणिकर्णिका घाट पहुंचकर अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इस दौरान मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त संतोष सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।रक्षा मंत्री की भाभी के निधन का समाचार मिलने के बाद काफी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी वाराणसी पहुंचे।

बता दें कि मूल रूप से चंदौली जिले के भभौरा गांव के रहने वाले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे हैं। भाभी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राजनाथ सिंह सुबह सर्किट हाउस पहुंचे।मणिकर्णिका घाट पर भाभी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद राजनाथ सिंह वापस सर्किट हाउस पहुंचे।शाम लगभग चार बजे वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।राजनाथ सिंह ने अपनी भाभी के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि यह उनके परिवार के लिए बड़ी क्षति है।

चीन से तनाव के मुद्दे पर बोले- संसद में सरकार दे चुकी जवाब।

अरुणाचल प्रदेश के तवांग में चीन के साथ तनातनी के माहौल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समय निकालकर पारिवारिक दायित्व को निभाने के लिए जब वाराणसी पहुंचे तो मीडिया ने उनसे विपक्ष के आरोपों और सियासत को लेकर सवाल किया।इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि जो कुछ भी मैंने कहा है, वह सच है।संसद में जितना भी कहा वह पर्याप्त है।जो हकीकत थी, उसकी जानकारी मैंने संसद में दे दी है।विपक्ष के आरोपों के जवाब में राजनाथ सिंह ने कहा कि इस बारे में भी पहले ही कई बार बोल चुका हूं और सदन में भी इसका जवाब दे चुका हूं।

राजनीतिक सवाल को लेकर किया इन्कार।

चीन के मुद्दे पर देश की जनता को आश्वस्त करने को लेकर रक्षा मंत्री ने कहा कि इस समय पार्लियामेंट चल रही है। जब पार्लियामेंट चल रही होती है, तो हम बाहर कोई स्टेटमेंट नहीं दे सकते हैं।यह प्रतिबंधित रहता है।राहुल गांधी की ओर से सरकार पर हमला बोलने पर राजनाथ सिंह ने सधे लहजों में कहा कि इस वक्त कोई पॉलिटिकल सवाल नहीं।

अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारत और चीन के सैनिकों के बीच बीते दिनों झड़प हुई थी। इसमें भारतीय जवानों ने चीन के सैनिकों को खदेड़ दिया।भारतीय जवानों के पराक्रम के आगे चीन के जवान वापस जाने को मजबूर हुए थे।रक्षा मंत्री इस मामले में संसद में बयान देकर स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। हालांकि विपक्ष इसके बावजूद संसद के अंदर और बाहर खूब हंगामा और बयानबाजी कर रहा है।

(सौ स्वराज सवेरा)